प्याज के दाम में लगी आग, ट्रक चालक को बंधक बना लूटी 51 क्विंटल प्याज

प्याज की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी से बिहार में भी लोग बीते एक महीने से परेशान हैं. राज्य में 100 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेची जा रही प्याज पर अब लुटेरों की नजर है और प्याज-लहसुन की लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं. राज्य के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में लुटेरों ने एक ट्रक चालक को बंधक बनाकर उस पर लदी 102 बोरी प्याज लूट ली. (सभी तस्वीरें सांकेतिक हैं).पुलिस का दावा है कि 24 घंटे के अंदर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि ट्रक चालक देशराज कुशवाहा के अनुसार वो इलाहाबाद (प्रयागराज) से जहानाबाद के लिए 102 बोरी प्याज (51 क्विंटल) ट्रक (रजिस्ट्रेशन संख्या यूपी 72टी/3797) पर लेकर जा रहा था, तभी गुरुवार रात लगभग 10 बजे करीब आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने मोहनिया के मुठानी डायवर्जन के पास उसे बंधक बना लिया और अपने वाहन पर बैठाकर ले गए.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लुटेरे ड्राइवर को करीब चार घंटे तक इधर-उधर घुमाते रहे. जब ट्रक से प्याज की सभी बोरियां ठिकाने लगा दी गईं, तब आधी रात के बाद लगभग 2 बजे अपराधियों ने उसे घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया. इसके बाद जब वह ट्रक के पास पहुंचा तब उसके ट्रक से प्याज की बोरियां गायब थीं.

देशराज उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. मोहनिया के थाना प्रभारी उदयभानु सिंह ने बताया कि देशराज के बयान पर मोहनिया थाने में प्याज लूट की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.मोहनिया के पुलिस उपाधीक्षक रघुनाथ सिंह ने दावा किया कि लुटेरे गिरोह का पता चल चुका है और अगले 24 घंटे के अंदर लुटेरों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी. उन्होंने कहा कि लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

इससे पहले 6 दिसंबर को भी इसी तर्ज पर कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में लुटेरे एक वाहन से 64 बोरी यानी करीब 1920 किलोग्राम लहसुन लूट लिए थे. इस मामले की प्राथमिकी कुदरा थाने में दर्ज कराई गई थी, परंतु अब तक इस मामले में पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है. प्याज और लहसुन की लूट की खबर चर्चा का विषय बनी हुई है.

Published by

Nagpur Updates

Nagpurupdates is your local/Digital news, entertainment, Events, foodies & tech website. We provide you with the happening news, Page3 Contain and all about Nagpur Foodies & Infrastructure from the Nagpur and world.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version